कुशीनगर जनपद के हाटा तहसील क्षेत्र में शनिवार का दिन खास रहा। दोपहर करीब 3 बजे जब दैनिक भास्कर ऐप का प्रधान रेटिंग प्रचार वाहन हाटा नगर पहुंचा, तो स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ उसका स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में इस अभियान को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। गांव-गांव तक लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से निकला यह प्रचार वाहन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
हाटा विधायक मोहन वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष रामानंद सिंह के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने प्रचार वाहन का अभिनंदन किया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए दैनिक भास्कर ऐप पर प्रधान रेटिंग अभियान को समर्थन दिया। स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया गया।
इस मौके पर विधायक मोहन वर्मा ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रधान रेटिंग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान गांव के विकास और जनप्रतिनिधियों के कार्यों को लेकर जनता की राय जानने का एक अच्छा माध्यम है। लोगों की भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत होता है और इस तरह की पहल जनता को अपनी बात रखने का अवसर देती है।
प्रचार वाहन का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को दैनिक भास्कर ऐप के जरिए प्रधान रेटिंग प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था। यह वाहन हाटा, सुकरौली और मोतीचक ब्लॉक के कई गांवों में पहुंचा। वाहन पर लगे लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को बताया गया कि किस तरह मोबाइल पर दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करके प्रधान रेटिंग की जा सकती है।
वाहन के साथ चल रहे प्रचारकों ने ग्रामीणों की मदद करते हुए उन्हें ऐप डाउनलोड करने और रेटिंग प्रक्रिया समझाने का काम किया। खास बात यह रही कि ग्रामीणों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई जगहों पर लोगों ने खुद प्रचार वाहन को रोककर जानकारी ली और प्रधान रेटिंग के बारे में विस्तार से समझा।
ग्रामीणों का कहना था कि इस पहल के जरिए उन्हें अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के कामकाज पर खुलकर राय रखने का मौका मिल रहा है। युवाओं में भी इस अभियान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी करते हुए डिजिटल माध्यम से अपनी आवाज उठाने की पहल की।
हाटा तहसील क्षेत्र का भ्रमण पूरा करने के बाद प्रचार वाहन रामकोला के लिए रवाना हो गया। वाहन को रवाना करते समय अर्जुन गुप्ता, श्रीपत यादव समेत नगर पालिका के कई सभासद और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में पत्रकार विनय सिंह, रामाशीष यादव, दुर्गेश बहादुर यादव, सत्यनारायण चौरसिया और श्रीनिवास तिवारी की भी उपस्थिति रही।
दैनिक भास्कर का यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और उनकी राय को महत्व देने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।




